खंडवा। खंडवा में लगातार रेल सुविधाओं में सुधार हो रहा है और कई गाड़ियों के स्टॉपेज के साथ कई नई सौगातें प्राप्त हो रही हैं। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रयासों से जिलेवासियों के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिदिन चलने वाली बनारस-हड़पसर (पुणे) अमृत भारत ट्रेन की सौगात दी है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल लगातार रेल मंत्री से मिलकर क्षेत्र के नागरिकों एवं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पुणे के लिए और अधिक ट्रेन चलाने की लगातार मांग करते आ रहे थे, जिस पर स्वीकृति मिली है एवं खंडवा को भी स्टॉपेज की सौगात मिली है।
🚉 29 अप्रैल को स्टेशन पर पहुंचेगी ट्रेन, होगा भव्य स्वागत
मध्य रेल परामर्श दात्री समिति के सदस्य मनोज सोनी और प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि खंडवा को पहली अमृत भारत ट्रेन की सौगात मिल रही है, जो बनारस से हड़पसर (पुणे) के बीच 28 अप्रैल से शुरू की जा रही है। यह ट्रेन खंडवा स्टेशन पर 29 अप्रैल को सुबह लगभग 11 बजे पहुंचेगी, जिसका खंडवा स्टेशन पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित कर हरी झंडी दिखाई जाएगी।
🛤️ रेल मंत्री के आश्वासन पर मिली मंजूरी और स्टॉपेज
समिति सदस्य मनोज सोनी ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की रेल मंत्री से पिछली मुलाकातों में खंडवा से पुणे आने-जाने के लिए ट्रेन की मांग की जाती रही थी। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी आश्वस्त किया था। रेलवे बोर्ड ने बनारस-हड़पसर (पुणे) ट्रेन संख्या 22589/22590 (प्रतिदिन चलने वाली ट्रेन) का परिपत्र जारी किया है, जिसमें खंडवा स्टेशन पर स्टॉपेज सम्मिलित किया गया है।
💺 ट्रेन में होंगे 22 कोच, इन स्टेशनों पर रहेगा हॉल्ट
इसकी जानकारी मुंबई में गुरुवार को आयोजित जीएम बैठक में रेल समिति सदस्य मनोज सोनी को ऑपरेटिंग विभाग के प्रमुख अधिकारी ने देते हुए बताया कि पूर्व के महीनों में इसको चलाने का प्लान बनाया जा चुका था, जिसमें प्रमुख स्टेशनों को ही शामिल किया गया था। बाद में रेल मंत्री द्वारा खंडवा और जलगांव में स्टॉपेज भी सम्मिलित किया गया। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिसमें 8 स्लीपर, 11 साधारण श्रेणी और 2 अन्य कोच होंगे।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस ट्रेन का स्टॉपेज बनारस, ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर, दौंड कॉर्ड लाइन और हड़पसर होगा।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























