खंडवा। नकली घी फैक्ट्री कांड से पूरे प्रदेश में हलचल मच गई है। यहां इमलीपुरा क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 1380 किलो चर्बी, 2700 लीटर चर्बी का तेल और 8 क्विंटल हड्डी-चमड़ा जब्त किया गया है। इस भारी मात्रा के आधार पर करीब 138 पशुओं के काटे जाने की आशंका जताई जा रही है। इस कार्रवाई ने यह भी साफ कर दिया है कि यह अवैध नेटवर्क कितने संगठित तरीके से काम कर रहा था।
🗣️ विधायक कंचन तनवे ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय विधायक कंचन तनवे ने सीएम डॉ. मोहन यादव से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोग भी इस खुलासे के बाद हैरान हैं कि इतनी बड़ी फैक्ट्री लंबे समय तक कैसे चलती रही। विधायक ने सवाल उठाया कि एक गली में कई ड्रमों में पशु चर्बी भरी हुई थी, कई क्विंटल चमड़ा और हड्डी बरामद हुई हैं; यह गोरखधंधा आखिर कैसे चल रहा था और पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं हुई?
🛢️ ‘हिमालय हाइड्स ऑयल ट्रेडर्स’ के नाम पर चल रहा था खेल
दरअसल, “हिमालय हाइड्स ऑयल ट्रेडर्स” के नाम से यह पूरा खेल चल रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पशुओं की चर्बी को प्रोसेस कर घी और तेल जैसा पदार्थ बनाया जा रहा था, जिसे बाद में बाजार में सप्लाई किया जाता था। अब सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट के बाद ही असली सच सामने आएगा, लेकिन शुरुआती तथ्यों ने ही प्रशासन को सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया है।
👥 स्थानीय लोगों की शिकायत पर हुआ खुलासा
खंडवा के इमलीपुरा इलाके में स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद ही प्रशासन ने यह छापा मारा। बेगम पार्क के सामने स्थित एक गली में यह अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी। छापेमारी में सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस, नगर निगम और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। मौके से बड़ी संख्या में ड्रम और संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























