कालमुखी, खंडवा। ग्राम कालमुखी में गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसके पश्चात विभिन्न संस्थानों पर ध्वजारोहण संपन्न हुआ।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पर जिला योजना सलाहकार समिति सदस्य पंकज गुप्ता, वृत्ताकार सेवा सहकारी समिति, पशु चिकित्सालय, उप-स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय और छात्रावास पर पंचों एवं संस्था प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ग्राम पंचायत भवन पर सरपंच श्रीमती मनीषा वर्मा द्वारा झंडा वंदन किया गया।
स्काउट गाइड की सलामी और सांस्कृतिक कार्यक्रम: शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित सामूहिक कार्यक्रम में सरपंच मनीषा वर्मा ने ध्वजारोहण किया, जहाँ स्काउट गाइड के बच्चों ने मार्च पास्ट कर उन्हें सलामी दी। महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम पंचायत द्वारा लोकतंत्र सेनानियों के साथ-साथ शासकीय संस्थाओं में बेहतर स्वच्छता और सजावट के लिए पशु चिकित्सालय स्टाफ एवं प्राचार्य सुखदेव सिंह बघेल को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतिभाशाली छात्र हुए पुरस्कृत: सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थानी ‘घूमर’ नृत्य पर शानदार प्रस्तुति देने वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के बच्चों और स्टाफ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन हेतु पंकज गुप्ता ने अपने पिता स्वर्गीय शंकरलाल गुप्ता एवं गोविंद वर्मा ने अपने पिता स्वर्गीय मामराज वर्मा की स्मृति में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद राशि प्रदान की।
विशेष आयोजन: कार्यक्रम से पूर्व बस स्टैंड स्थित लोकतंत्र सेनानी स्मारक ‘सिंहगढ़ परिसर’ में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा को ग्राम पंचायत द्वारा पुनः स्थापित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पंकज गुप्ता ने किया एवं आभार सुभाष गुप्ता द्वारा व्यक्त किया गया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























