खंडवा। पूरे प्रदेश में इन दिनों मंडल प्रशिक्षण वर्ग के पश्चात जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान चल रहा है, जिसके अंतर्गत खंडवा जिला मुख्यालय में भी दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को आयोजित हुआ। जिला स्तरीय वर्ग में संगठन मजबूती का मंत्र दिया गया और बूथ विजय पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन के कार्यों और अलग-अलग विषयों पर अतिथियों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। भारतीय जनता पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ के तहत जिला स्तरीय प्रथम दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर में पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी अंबाराम कराड़ा, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक नारायण पटेल, कंचन तनवे, छाया मोरे, पिंकी वानखेड़े, महापौर अमृता यादव, महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, सूरजपाल सिंह, संतोष सोनी और वर्ग प्रभारी ओम सोनी ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
🗣️ ‘बूथ विजय ही चुनाव विजय का आधार, विचारधारा के प्रति समर्पण है पहचान’
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए निमाड़ संभाग प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने ‘बूथ प्रबंधन’ एवं ‘मन की बात’ विषय को लेकर कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि, “भाजपा मंथन, चिंतन और प्रबंधन के सिद्धांत पर कार्य करती है। बूथ विजय ही चुनाव विजय का आधार है।” उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और विचारधारा के प्रति समर्पण ही भाजपा की पहचान है।
📖 ‘जनसंघ से भाजपा तक का सफर और कार्य विस्तार पर हुआ मंथन’
द्वितीय सत्र में जीतू जिराती ने ‘हमारा इतिहास और विकास’ विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा तक के 75 वर्षों के राजनीतिक और वैचारिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने संघर्ष और समर्पण के बल पर देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी दृष्टिकोण को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। दोपहर के पश्चात ‘कार्य विस्तार’ विषय पर राज्यसभा सदस्य सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं की बदौलत पार्टी देश ही नहीं, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। भाजपा संगठन में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है, इसलिए भाजपा संगठन द्वारा कई प्रकार के प्रकोष्ठ और मोर्चों का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से पार्टी का कार्य विस्तार लगातार बढ़ रहा है। कार्य विस्तार का यह कार्य रुकना नहीं चाहिए, पूरे देश में हमें कमल खिलाना है।
👥 शिविर में वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
प्रशिक्षण शिविर में पूर्व जिला अध्यक्ष हरीश कोटवाले, पुरुषोत्तम शर्मा, सेवादास पटेल, राजेश डोंगरे, पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा, कैलाश पाटीदार, पूर्व महापौर भावना शाह, प्रदेश पदाधिकारी चारुलता वाजपेयी, ममता बोरसे, जिला प्रवक्ता सुनील जैन सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
🎯 कार्यकर्ताओं को रणनीतिक रूप से तैयार करने पर रहा विशेष फोकस
शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक संरचना और चुनावी कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। इसके साथ ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। ‘मीडिया’ विषय को लेकर भूपेंद्र बोधा ने मीडिया के अलग-अलग कार्यों पर अपनी बात रखी। प्रथम सत्र के बाद कार्यकर्ताओं के भोजन की व्यवस्था रही। इस अवसर पर पार्टी के सभी मंडलों के अध्यक्ष, मंडलों के महामंत्री, जिले के सभी दायित्ववान जिला पदाधिकारीगण, नगर पंचायत के अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश तिवारी द्वारा किया गया एवं प्रथम दिन का आभार जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने माना।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























