खंडवा। गुरुवार को कलेक्टर इलेवन और एनएचडीसी इलेवन के बीच पुनासा के एनएचडीसी ग्राउंड पर क्रिकेट मैच आयोजित हुआ। मैच में टॉस जीतकर कलेक्टर इलेवन ने फील्डिंग का फैसला लिया। कुल 12 ओवरों के इस मैच में एनएचडीसी ने शानदार बैटिंग की, जिसमें श्री अनिल कुजूर की आखिरी ओवर्स में खेली गई 25 रनों की आतिशी पारी की बदौलत एनएचडीसी की टीम 102 रनों का लक्ष्य देने में कामयाब रही।
🎯 कलेक्टर ऋषभ गुप्ता और रितेश की शानदार गेंदबाजी
वहीं दूसरी ओर गेंदबाजी में कलेक्टर इलेवन टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कप्तान ऋषभ गुप्ता (कलेक्टर) ने मुख्य सलामी बल्लेबाजों का विकेट लेकर, कुल दो विकेट के साथ अपना दबदबा कायम रखा। साथ ही रितेश की गेंदबाजी ने अपनी तेज रफ्तार गेंदों से एनएचडीसी की टीम के रनों की गति पर अंकुश लगाकर रखा।
⚔️ लक्ष्य का पीछा और रोमांचक हुई पारी
इसी प्रकार लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलेक्टर इलेवन की बल्लेबाजी शुरुआत में धीमी रही। एनएचडीसी इलेवन के कप्तान पंकज वर्मा (एसडीएम, पुनासा) ने भी अपनी टीम के लिए चार विकेट झटके और इस मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया।
🏆 अंतिम ओवर में चौका लगाकर कलेक्टर इलेवन ने जीता मैच
कलेक्टर इलेवन से मिडिल ऑर्डर में उतरे एडीएम श्री काशीराम बड़ोले ने 18 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, श्री धर्मेन्द्र ने बल्लेबाजी में अपना हुनर दिखाते हुए शानदार 24 रनों की पारी खेली और अंतिम ओवर में जोरदार चौका लगाकर कलेक्टर इलेवन को यह मुकाबला 2 विकेट से जिता दिया।
💐 सहायक कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण सुशीर की विदाई पर आयोजन
इस मैत्री मैच में सहायक कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण सुशीर, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक एम.एस. रावत और एनएचडीसी के प्रोजेक्ट हेड अजीत कुमार ने भी सहभागिता की। उल्लेखनीय है कि इस मैत्री मैच का आयोजन सहायक कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण सुशीर के विदाई समारोह के उपलक्ष्य में किया गया था।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























