खंडवा। श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय सह नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा में सुरेशलाल पिता सखाराम उम्र 49 वर्ष गंभीर हालत में गत दिनों भर्ती हुए थे। सुरेश को जब जिला चिकित्सालय लाया गया था तब उनकी स्थिति काफी चिंताजनक थी। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्या के साथ-साथ सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ हो रही थी।
👨⚕️ आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर चला इलाज
सुरेश की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम.डी. मेडिसिन डॉक्टर पंकज जैन एवं उनकी टीम जिसमें डॉक्टर संदीप परिहार, डॉक्टर पर्णवी भगत एवं डॉक्टर स्नेह तथा आईसीयू इंचार्ज सुरेखा पवार, मनीषा, प्रियंका और छाया चौहान द्वारा उन्हें तुरंत आई.सी.यू. में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखने का निर्णय लिया गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने सुरेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी।
🙏 स्वस्थ होने पर डॉक्टरों और स्टाफ का माना आभार
सटीक दवाओं और निरंतर देखभाल का परिणाम यह रहा कि मरीज सुरेश की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। वेंटिलेटर सपोर्ट से बाहर आने के बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। सही उपचार से सुरेश की रिकवरी तेजी से हुई और स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। सुरेश और उनके परिजनों ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं और डॉक्टरों के व्यवहार की सराहना की है। सुरेश ने सरकारी अस्पताल में हुए निशुल्क उच्च स्तरीय इलाज के लिए सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय कुमार दादू, सुपरिंटेंडेंट डॉ. रंजीत बडोले, डॉक्टर पंकज जैन, डॉ. योगेश शर्मा और आई.सी.यू. की इंचार्ज सुरेखा पवार सहित सभी का आभार प्रकट किया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























