भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री और भाजपा नेता डॉक्टर राजकुमार सिंह कुशवाहा को बकाएदारों ने घेर लिया। बताया जा रहा है कि लोग लंबे समय से अपने पैसे की वापसी की मांग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, डॉ. कुशवाहा, जो बीज निगम के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) भी रह चुके हैं, एक निजी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कई लोगों ने उन्हें पहचान लिया और प्लॉट के नाम पर लिए गए पैसों को वापस करने की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि इन लोगों ने पहले प्लॉट बुक करवाए थे, लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी उन्हें जमीन नहीं मिली। इसी वजह से वे लगातार अपने पैसे लौटाने की मांग कर रहे हैं। शादी समारोह में आमना-सामना होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पूर्व मंत्री को घेरकर जवाब मांगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हंगामा करीब चार घंटे तक चलता रहा। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में किसी तरह मामला शांत कराया गया। इस घटना के बाद एक बार फिर जमीन और निवेश से जुड़े मामलों में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


मध्यप्रदेश



























