खंडवा। शहर के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में वर्ष 2000 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का 25 वर्षों बाद आयोजित विशेष मिलन समारोह ‘बैक टू बेंचेस’ (Back to Benches) हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। 2 और 3 मई को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देश-विदेश से करीब 70 पूर्व विद्यार्थी शामिल हुए, जिससे आयोजन यादगार बन गया। प्रेमांशु जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 2 मई को होटल राज रेजीडेंसी में हुई, जहां मिलन, परिचय, सांस्कृतिक गतिविधियां, संगीत, कराओके और आत्मीय संवाद का आयोजन किया गया। पुराने साथियों ने एक-दूसरे से मिलकर स्कूल के दिनों की यादें ताजा कीं। हंसी-मजाक और पुराने किस्सों ने माहौल को जीवंत बना दिया।
🌍 देश-विदेश से पहुंचे पूर्व छात्र, आयोजन को मिला अंतरराष्ट्रीय रंग
इस अवसर पर पुणे से विजय सोनी और जैमिनी राठौड़, खंडवा से रितेश मित्तल और डॉ. सिद्धार्थ श्रीमाली, बेंगलुरु से डॉ. ऋचा शर्मा, नांदेड़ से वेंकट परवाल, पुणे से अपर्णा ध्यानी सहित कई पूर्व छात्र शामिल हुए। वहीं बोस्टन (अमेरिका) से स्नेह गाओशिने और नाइजीरिया से श्वेता भारद्वाज की उपस्थिति ने समारोह को अंतरराष्ट्रीय रंग भी दिया। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने स्कूल के दिनों को याद किया और इसे जीवन का अनमोल हिस्सा बताया।
🙏 विद्यालय परिसर पहुंच गुरुजनों का किया सम्मान, भेंट किए वाद्ययंत्र
प्रेमांशु जैन ने बताया कि 3 मई को सभी पूर्व छात्र स्कूल परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रार्थना सभा में भाग लिया, कक्षाओं का भ्रमण किया और गुरुजनों का सम्मान किया। इस दौरान कई भावुक पल भी सामने आए, जब पूर्व छात्र अपने शिक्षकों और मित्रों से वर्षों बाद मिले। पूर्व छात्रों ने विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगीत वाद्ययंत्र भेंट करने का निर्णय लिया, ताकि वर्तमान विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोजन और समूह फोटो के साथ इस मिलन को यादगार बनाया गया। विद्यालय की पूर्व छात्रा प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक पुनर्मिलन नहीं, बल्कि अपने विद्यालय, शिक्षकों और मित्रताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और जुड़ाव का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया, जिसने साबित कर दिया कि समय भले ही बीत जाए, लेकिन स्कूल की यादें और रिश्ते हमेशा दिलों में जिंदा रहते हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























