खंडवा। पंधाना विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के अपने सतत प्रयासों के तहत पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे मंगलवार दोपहर भोपाल पहुंचीं। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से महत्वपूर्ण मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को गंभीरता और मजबूती से उनके समक्ष रखा। इस दौरान खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी मौजूद रहे। विधायक मोरे ने क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए त्वरित समाधान की मांग की। विशेष बात यह रही कि विधायक छाया मोरे अपने साथ क्षेत्र के किसानों एवं पार्टी पदाधिकारियों को भी मुख्यमंत्री से मिलने लेकर पहुंचीं, ताकि जमीनी समस्याओं को सीधे शासन स्तर तक पहुंचाया जा सके।
🔥 गुड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं पर जताई गंभीर चिंता
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान विधायक छाया मोरे ने पंधाना विधानसभा के गुड़ी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में आग की बड़ी घटनाओं ने ग्रामीणों को गहरे संकट में डाल दिया है। विधायक मोरे ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि हाल ही में नाहरमाल गांव में आग लगने से कई परिवार प्रभावित हुए, वहीं सोमवार को गुड़ी क्षेत्र के समीप हंडियाखेड़ा गांव में भीषण अग्निकांड में लगभग 30 मकान जलकर खाक हो गए। इस घटना में गरीब परिवारों की गृहस्थी, खाद्यान्न, कपड़े और दैनिक जरूरतों का सामान नष्ट हो गया, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
🚒 फायर फाइटर की कमी से बढ़ रहा नुकसान, CSR फंड से वाहन की मांग
विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री को बताया कि गुड़ी क्षेत्र में स्थायी अग्निशमन वाहन (फायर फाइटर) उपलब्ध नहीं होने के कारण आग लगने पर खंडवा, पंधाना, हरसूद अथवा मूंदी से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है। घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय कई बार भारी नुकसान का कारण बन जाता है। तेज हवा और सूखे मौसम के चलते आग कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लेती है। विधायक मोरे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष राज्य वन विकास निगम, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, कृषि उपज मंडी निधि, एनएचडीसी (NHDC) अथवा अन्य उपलब्ध सीएसआर (CSR) मद से गुड़ी क्षेत्र के लिए स्थायी अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसका संचालन स्थानीय ग्राम पंचायत या अन्य कार्यालय के माध्यम से किया जा सकता है।
🏠 हंडियाखेड़ा अग्निकांड पीड़ितों के लिए विशेष राहत और आवास की मांग
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक मोरे ने हंडियाखेड़ा अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए विशेष आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि अधिकांश प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और उनके मकान पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। विधायक ने आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों को विशेष राहत पैकेज प्रदान किया जाए तथा जिनके मकान पूरी तरह नष्ट हुए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना अथवा अन्य आवासीय योजनाओं के तहत प्राथमिकता के आधार पर आवास स्वीकृत किए जाएं।
💧 सिंचाई और पेयजल संकट का मुद्दा भी मजबूती से उठाया
मुलाकात में विधायक छाया मोरे ने क्षेत्र में बढ़ते जल संकट और किसानों की परेशानियों का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पंधाना विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को पेयजल एवं सिंचाई जल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भगवंत सागर जलाशय (सुक्ता), छैगांव माखन उद्वहन सिंचाई योजना एवं भाम सिंचाई योजना से आवश्यकतानुसार तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की, ताकि किसानों की कपास सहित अन्य फसलें सुरक्षित रह सकें और पशुओं के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो सके।
🗣️ किसानों की मुख्यमंत्री से करवाई सीधी मुलाकात
इस दौरान विधायक छाया मोरे क्षेत्र के कई किसानों और पार्टी पदाधिकारियों को भी अपने साथ मुख्यमंत्री से मिलने लेकर पहुंचीं। इनमें आनंद सिंह चौहान (जिला उपाध्यक्ष), अशोक पटेल (मंडल अध्यक्ष), नानकराम पटेल रेवाड़ा, कमलराव अतर, गजानन चौहान (छैगांव माखन), मोहन गोलकर (तलबड़िया) सहित अन्य किसान एवं प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने क्षेत्र की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिस पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया गया। विधायक छाया मोरे ने कहा, “जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाना मेरा कर्तव्य है।” मुख्यमंत्री और सांसद की मौजूदगी में हुई इस सकारात्मक चर्चा को पंधाना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























