खंडवा। शहर में एक अज्ञात युवक की मौत के बाद मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल देखने को मिली। करीब एक सप्ताह तक युवक के परिजनों की तलाश की गई, लेकिन कोई सामने नहीं आया। इसके बाद ‘पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति’ के सदस्यों ने आगे बढ़कर पूरे सम्मान के साथ युवक का अंतिम संस्कार कराया।
🚓 डायल-112 को बेहोशी की हालत में मिला था युवक, इलाज के दौरान मौत
जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को डायल-112 की टीम को महादेवी नगर क्षेत्र में एक युवक बेहोशी की हालत में मिला था। युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस टीम ने तत्काल उसे श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग क्रमांक 38/26 धारा 194 बीएनएसएस (BNSS) के तहत मामला दर्ज कर युवक की पहचान और परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई, लेकिन कई दिनों तक कोई भी परिजन या पहचानकर्ता सामने नहीं आया।
🕊️ राजा हरिश्चंद्र मुक्तिधाम में विधि-विधान से दी गई अंतिम विदाई
समाजसेवी और समिति सदस्य सुनील जैन ने बताया कि वर्षों से पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक समिति के सदस्यों द्वारा सामाजिक सेवा का दायित्व निभाते हुए सैकड़ों की संख्या में अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार समिति द्वारा विधि-विधान से किया गया है। मृत युवक के परिजन नहीं मिलने पर संस्था ने मानवीय पहल करते हुए अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई। 23 मई को राजा हरिश्चंद्र मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान समिति के भूपेंद्रसिंह चौहान, मुबारक पटेल, रियासत अली, जुबेर पटेल, यशवंत केदार एवं आरक्षक अनुराग कुशवाह मौजूद रहे। अंतिम संस्कार के बाद सभी ने युवक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज में मानवता और सेवा भाव को सर्वोपरि बताया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























