खंडवा। धर्म और अध्यात्म से जुड़े मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के लिए गौरव का क्षण आने वाला है। छैगांवमाखन में निर्मित 81 फीट ऊंची भगवान तिरुपति बालाजी की प्रतिमा, जो पूरे भारत की सबसे ऊंची बालाजी प्रतिमा है, उसके लोकार्पण और मंदिर के गर्भगृह में भगवान वेंकटेश की प्राण प्रतिष्ठा का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
🤝 मंत्री डॉ. विजय शाह ने नागपुर में दिया बागेश्वर बाबा को न्योता
नागपुर में आयोजित कथा के दौरान मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह और बालाजी ग्रुप के संस्थापक रितेश गोयल ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भेंट की। इस मुलाकात में महाराजजी ने न केवल खंडवा आने का वादा किया, बल्कि वहां मौजूद लोगों के सामने इस प्रोजेक्ट की दिल खोलकर तारीफ भी की।
🌟 पुनीत कार्य से निमाड़ में बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन और रोजगार
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वे बालाजी ग्रुप के कार्यों से अत्यंत प्रसन्न हैं। उन्होंने गौरव के साथ उल्लेख किया कि बालाजी ग्रुप के रितेश गोयल परिवार द्वारा खंडवा में भारत की सबसे ऊंची बालाजी प्रतिमा का निर्माण हो रहा है, जो एक बहुत ही पुनीत और सेवा का कार्य है। इससे निमाड़ क्षेत्र में नया धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बनेगा, साथ ही व्यावसायिक रूप से भी लोगों को रोजगार मिलेगा और व्यापार बढ़ेगा।
🗓️ जनवरी में होगा महा-समागम, भव्य कथा का भी हो सकता है आयोजन
संत धीरेंद्र शास्त्री महाराजजी ने विश्वास दिलाया है कि वे जनवरी के भीतर तिथि निकालेंगे और प्राण प्रतिष्ठा व लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही बागेश्वर बाबा ने कहा कि वे अपने साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों के विद्वान संत-महंतों को भी आमंत्रित करेंगे। यदि संभव हुआ तो इस अवसर पर एक भव्य कथा का आयोजन भी किया जाएगा। बागेश्वर धाम सरकार के इस आश्वासन के बाद अब पूरे खंडवा और निमाड़ क्षेत्र में उत्साह की लहर है। बालाजी ग्रुप के इस प्रयास ने छैगांवमाखन को देश के बड़े धार्मिक केंद्रों के रूप में स्थापित कर दिया है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























