ओंकारेश्वर/खंडवा | स्वास्थ्य एवं धर्म समाचार
रक्तदान के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तीर्थस्थल ओंकारेश्वर में एक अनूठी और सराहनीय पहल की गई है। यहां रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को भगवान ओंकारेश्वर के वीआईपी (VIP) प्रोटोकॉल के अनुसार दर्शन करने की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
🩸 3 दिन में 149 श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान, लिया VIP दर्शन का लाभ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि इस पुनीत पहल को श्रद्धालुओं का भारी समर्थन मिल रहा है। शुक्रवार को 35, शनिवार को 60 यूनिट तथा रविवार को 54 यूनिट रक्तदान किया गया। इस तरह कुल 3 दिनों में 149 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के लिए अपना योगदान दिया और निःशुल्क वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुसार दर्शन का लाभ प्राप्त किया।
🏥 नए झूला पुल के पास प्रतिदिन उपलब्ध है रक्तदान की सुविधा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगतावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जो भी श्रद्धालु इस अभियान का हिस्सा बनना चाहते हैं और रक्तदान करना चाहते हैं, उनके लिए प्रतिदिन नए झूला पुल के पास स्थित वृद्धाश्रम में रक्तदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रही है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























