खंडवा। प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत शासकीय कार्यालयों में नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती हैं। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान खंडवा तहसील के ग्राम खेड़ी निवासी द्रौपदी बाई ने कलेक्टर को बताया कि उसके पुत्र को कोटवार के पद पर कार्य करने के लिए जो भूमि प्राप्त हुई थी, उस पर गांव के ही कुछ ग्रामीणों ने कब्जा कर लिया है, इसे हटाया जाए। जिस पर उन्होंने एसडीएम खंडवा को कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अलावा, ग्राम अमलपुरा निवासी लतीफ मोहम्मद ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि द्वितीय जिला न्यायाधीश के आदेश के बावजूद उसकी भूमि से शकील खान द्वारा किए गए अतिक्रमण को नहीं हटाया गया है, जिस पर उन्होंने एसडीएम खंडवा को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
🎓 छात्रवृत्ति में धोखाधड़ी, जांच के सख्त निर्देश
सांदीपनि विद्यालय, हरसूद के विद्यार्थी केतन राठौर ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि उसकी छात्रवृत्ति स्वीकृत होने के बावजूद बैंक खाते में जमा नहीं हुई है। जांच कराने पर ज्ञात हुआ है कि उसकी छात्रवृत्ति किसी अन्य छात्र के खाते में ट्रांसफर कर दी गई है। केतन ने बताया कि उसके अलावा अन्य छात्रों के साथ भी इस तरह की धोखाधड़ी हुई है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
📄 राजस्व अभिलेखों में हेरफेर और नाम काटने की शिकायतें
खालवा तहसील के ग्राम नामापुर निवासी रामगोपाल ने आवेदन देकर कलेक्टर श्री गुप्ता को बताया कि पटवारी द्वारा पैतृक संपत्ति के राजस्व अभिलेख में से उसके पिता मोतीलाल का नाम काट दिया गया है, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम हरसूद को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीताराम पिता झोलू (निवासी मौजवाड़ी) ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि पटवारी द्वारा राजस्व अभिलेखों में हेरफेर कर उसकी जमीन उसके नाम से मिलते-जुलते नाम वाले किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी गई है। इस पर उन्होंने एसडीएम हरसूद को मामले की जांच कर, दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।
💰 सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन न मिलने पर तुरंत भुगतान के निर्देश
जनसुनवाई में सेवानिवृत्त प्राचार्य श्रीमती मंगला मावले ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि उनकी सेवानिवृत्ति के एक वर्ष बाद भी उन्हें पेंशन संबंधी स्वत्वों का भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। जिस पर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदिका को समय-सीमा में भुगतान कराने के निर्देश दिए।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























