खंडवा। नीट 2026 परीक्षा में सामने आए पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) खंडवा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह एवं चंदन राजपूत के नेतृत्व में कलेक्टर से मुलाकात कर राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से परीक्षा की निष्पक्ष जांच कर विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रमुखता से मांग की गई।
⚖️ ‘भविष्य से खिलवाड़ कर रहे भ्रष्ट तत्व, हो उच्च स्तरीय जांच’
ज्ञापन के माध्यम से बात रखी गई कि देश की महत्वपूर्ण चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट 2026 में पेपर लीक की घटना से लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों में मानसिक तनाव, असुरक्षा और निराशा का माहौल बना है। छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ भ्रष्ट एवं लालची तत्वों द्वारा परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाकर मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। पदाधिकारियों ने मांग की कि मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्तियों, संस्थाओं और अधिकारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
💧 किल्लोद ब्लॉक में ‘फ्लोराइड’ युक्त पानी की समस्या पर भी चर्चा
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि पिछले कई दिनों से किल्लोद ब्लॉक में फ्लोराइड युक्त पानी पीने से लोगों की तबीयत खराब हो रही थी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व में कलेक्टर से चर्चा कर यह समस्या बताई थी, जिसके बाद कलेक्टर ने वहां पर कुएं खुदवाए थे। हालांकि, उसमें अभी तक कनेक्शन नहीं हुआ है। शुक्रवार को जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर से चर्चा कर बताया कि कनेक्शन नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
🚰 अधिकारियों को निर्देश जारी, कलेक्टर ने दिया शीघ्र निराकरण का आश्वासन
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल पीएचई (PHE) के अधिकारी और सीईओ से बात कर पंचायत के माध्यम से समस्या का हल कराने का निर्देश दिया। वहीं, किल्लोद ब्लॉक के लहाड़पुर में भी पानी की समस्या को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से निवेदन किया। इस पर कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की जो भी समस्या है, उसका शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























