खंडवा। पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान, पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित ‘हेलमेट विशेष अभियान 2026’ में चलाए जा रहे अभियान के तहत खंडवा जिले में प्रभावी कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक खंडवा मनोज कुमार राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजेश रघुवंशी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) महेंद्र तारणेकर के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक यातायात अनिल कुमार राय के नेतृत्व में की गई।
🏍️ 320 वाहन चालकों का कटा चालान, 1 लाख से ज्यादा का जुर्माना वसूला
30 अप्रैल 2026 को जिला खंडवा में समस्त थाना प्रभारियों एवं यातायात थाना द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो पहिया वाहन चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें हेलमेट धारण न करने वालों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 320 वाहन चालकों के विरुद्ध एम.व्ही. एक्ट (मोटर व्हीकल एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान इन चालकों से समन शुल्क के रूप में कुल 1,05,100 रुपये वसूल किए गए हैं।
📢 यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और हेलमेट पहनने की अपील
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना है। उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा के लिए अन्य सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























