खंडवा। शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम निजी स्कूलों की अपेक्षा अच्छा आया है। वहीं, शासकीय स्कूलों में भी अब निजी स्कूलों जैसी सुविधा देने के लिए मध्य प्रदेश शासन द्वारा खोले गए ‘सांदीपनि विद्यालय’ में, जहां पिछले सत्र तक पहली से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राएं अध्ययन करते थे, वहीं इस सत्र से सांदीपनि विद्यालय मूंदी में नर्सरी, केजी-1 (अरुण) और केजी-2 (उदय) की कक्षाएं भी खोली जा रही हैं। इसे लेकर बच्चों के प्रवेश के लिए सांदीपनि विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा राठौर के साथ शिक्षक घर-घर जाकर दस्तक दे रहे हैं और बच्चों के प्रवेश के लिए पालकों को समझा रहे हैं।
📚 ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ के तहत नई कक्षाओं की शुरुआत
सांदीपनि विद्यालय मूंदी की प्राचार्य ने बताया कि शासकीय सांदीपनि विद्यालय में इस सत्र से शिक्षा का अधिकार, ‘समग्र शिक्षा अभियान’ और ‘सब पढ़ें-सब बढ़ें’ के तहत नर्सरी से लेकर अरुण-उदय की कक्षाएं भी चालू हो रही हैं। इसके साथ ही कक्षा पहली में भी प्रवेश प्रारंभ हो गए हैं।
👶 प्रवेश के लिए निर्धारित की गई आयु सीमा
नर्सरी कक्षा में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 3 वर्ष से लेकर 4 वर्ष 6 माह तक रखी गई है। केजी-1 (अरुण) में न्यूनतम आयु 4 वर्ष से अधिकतम 5 वर्ष 6 माह तक रखी गई है। केजी-2 (उदय) में प्रवेश की न्यूनतम आयु 5 वर्ष एवं अधिकतम आयु 6 वर्ष 6 माह तक तय की गई है। वहीं, कक्षा पहली में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष से अधिकतम आयु 7 वर्ष तक रखी गई है। आयु की यह गणना 30 सितंबर 2026 की स्थिति में की जाएगी।
📝 प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज और समय
प्रवेश के लिए पालकों से जरूरी दस्तावेजों के रूप में बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड, बच्चे व माता-पिता का मूल निवासी प्रमाण पत्र और तीन पासपोर्ट साइज फोटो मांगे गए हैं। विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के लिए समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक ही रखा गया है। इन नई कक्षाओं में सीटों की संख्या 30 है और शिक्षा का माध्यम हिंदी है।
🚪 घर-घर जाकर पालकों से संपर्क कर रहा विद्यालय स्टाफ
शासकीय निःशुल्क शिक्षा का लाभ ज्यादा से ज्यादा बच्चों और परिवारों को मिले, इसे लेकर विद्यालय का पूरा स्टाफ पूरे नगर में घर-घर जाकर संपर्क कर रहा है। प्राचार्य ने कहा, “हमें उम्मीद है कि शासन द्वारा जो सौगात नगर मूंदी को दी गई है, जागरूक पालक अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सांदीपनि विद्यालय में उन्हें प्रवेश जरूर दिलाएंगे।”
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























