खंडवा। किशोर नगर स्थित मनोकामनेश्वर हनुमान मंदिर में 13 मई की रात्रि को एक अज्ञात बदमाश ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोर मंदिर से चांदी के 2 मुकुट, चांदी का पहाड़, बाजूबंद, चांदी के 5 छत्र, चांदी का गिलास, शिवजी व माताजी का मुकुट, कान का श्रृंगार, हनुमान जी व अन्य देवी-देवताओं की पीतल की मूर्तियां, तांबे के 16 लोटे, 3 दानपात्र और आहूजा कंपनी का एम्पलीफायर सहित करीब 10 लाख रुपये का सामान चुरा ले गया था। थाना मोघट रोड पर अपराध क्रमांक 153/2026 धारा 331(4), 305ए बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
🚓 SP सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे थे मौके पर, CCTV फुटेज किए चेक
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर और नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार बारंगे घटना स्थल पर पहुंचे और जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एफएसएल (FSL) अधिकारी, फोटोग्राफर और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चोरी की पतारसी (तलाश) के लिए एक टीम का गठन किया गया। फिंगरप्रिंट अधिकारी गणेश पाटीदार ने मौके से भौतिक साक्ष्य संकलित किए। साथ ही आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज चेक किए गए, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया।
👤 मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया यूपी का शातिर चोर ‘मोहम्मद आमिर’
पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। मुखबिर से सूचना मिली कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति खानशाहवली इलाके में है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. आमिर (पिता मो. सलीम खान), निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम गुलशन नगर (खंडवा) बताया। शुरुआत में उसने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपी आमिर खान ने किशोर नगर हनुमान मंदिर में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
💰 मंदिर और कंप्यूटर दुकान का कुल 14 लाख रुपये का माल बरामद
आरोपी से पूछताछ में एक और वारदात का खुलासा हुआ। उसने बताया कि 3 दिन पहले हरसूद रोड स्थित एक कंप्यूटर की दुकान का ताला तोड़कर 2 लैपटॉप, 2 एलईडी मॉनिटर, एनवीआर (NVR) और डीवीआर चोरी किए थे (जिसका मामला कोतवाली थाने में दर्ज है)। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर चोरी का संपूर्ण मशरूका (चांदी व पीतल की मूर्तियां, मुकुट, बर्तन, एम्पलीफायर और 9293 रुपये नकद) तथा वारदात में प्रयुक्त 30,000 रुपये की मोटरसाइकिल जब्त की है। इसके अलावा कंप्यूटर दुकान से चुराया गया 2 लाख रुपये का सामान भी बरामद किया गया है। कुल मिलाकर आरोपी के पास से करीब 14 लाख रुपये का माल जब्त कर लिया गया है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























