खंडवा। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष बलों, पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने के लिए “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” प्रारंभ की गई है। इस योजना के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, सांसद प्रतिनिधि श्रीमती ममता वारसे, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर, डिप्टी कलेक्टर सुश्री दीक्षा भगोरे, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक संचालक नीरज पाराशर सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया।
🗣️ ‘रोजगार से जुड़ेंगे युवा, सेना और पुलिस में बना सकेंगे शानदार करियर’
महापौर ने उपस्थित सभी प्रशिक्षार्थियों को इस योजना के तहत प्रशिक्षण लेने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इस तरह की प्रशिक्षण योजनाएं संचालित कर रही है, जो युवाओं के लिए काफी मददगार सिद्ध हो रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वानखेड़े ने इस अवसर पर कहा कि “शौर्य संकल्प योजना” की मदद से पिछड़ा वर्ग के युवा सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष बलों, पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए योग्य बनेंगे और इस क्षेत्र में अपना करियर बना सकेंगे।
📚 सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर सहित इन विषयों की मिलेगी विशेष ट्रेनिंग
सहायक संचालक (पिछड़ा वर्ग) ने इस अवसर पर “शौर्य संकल्प योजना” के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा शुक्रवार से शासकीय नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खंडवा में प्रातः 11 बजे से प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। पिछड़ा वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस प्रशिक्षण में सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान, अंकगणित, तर्कशक्ति, सामान्य हिंदी, जनरल इंग्लिश और सामान्य कंप्यूटर ज्ञान के संबंध में युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
🏃♂️ 45 दिन का होगा निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, युवाओं को मिलेगी छात्रवृत्ति
जनजातीय कार्य विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि यह प्रशिक्षण पूर्णतः निशुल्क एवं आवासीय है। इस योजना के तहत खंडवा जिले में पिछड़ा वर्ग के 100 बालक एवं 100 बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुल 45 दिन के इस आवासीय प्रशिक्षण के लिए चयनित पात्र पुरुष प्रशिक्षणार्थियों को 1000 रुपये प्रतिमाह तथा पात्र महिला प्रशिक्षणार्थियों को 1100 रुपये प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति (शिष्यवृत्ति) भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सैद्धांतिक प्रशिक्षण के साथ-साथ योग्य एवं अनुभवी ट्रेनर द्वारा प्रतिदिन 3 घंटे (प्रातः एवं सायंकाल) शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिसमें रनिंग, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक एवं अन्य समकक्ष खेलकूद गतिविधियां शामिल होंगी।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























