खंडवा। तीर्थ नगरी में आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारी को लेकर कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन और पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा के निर्देश पर ओंकारेश्वर में पिछले एक सप्ताह से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है। हटाए गए अतिक्रमणों से मुक्त की गई भूमि पर आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के साथ लोकहित के कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं।
🌞 42 डिग्री तापमान में प्रशासन का एक्शन, ढाई एकड़ भूमि कराई मुक्त
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नगर परिषद, पुलिस और राजस्व विभाग की 42 डिग्री तापमान में चली संयुक्त कार्रवाई में ओंकार पर्वत, ओंकारेश्वर बांध परियोजना मार्ग और नागर घाट के अलावा शुक्रवार सुबह ग्राम डुहिक्या वार्ड क्र. 15 में प्रशासन ने लगभग ढाई एकड़ भूमि अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई। इसके पूर्व भी लगभग 7 एकड़ भूमि, जिस पर खेती की जा रही थी, उसे मुक्त कराया गया था।
🏘️ कांग्रेस और जनप्रतिनिधियों ने उठाई विस्थापन और रोजगार की मांग
ओंकारेश्वर के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने हटाए गए अतिक्रमणकारियों को विस्थापन और रोजगार देने की मांग की है। बताया जाता है कि कई परिवार ऐसे हैं जिनके पास रहने के लिए मकान और कमाने के लिए रोजगार भी नहीं है।
🚧 ‘अब तक 117 अतिक्रमण हटाए गए, घाटों का होगा निर्माण और चौड़ीकरण’
नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी ने बताया कि 2028 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभी तक चली कार्रवाई में ओंकार पर्वत से 35, बांध परियोजना मार्ग से 13, वार्ड क्रमांक 2 नागर घाट और ग्राम डुहिक्या में शुक्रवार को चली कार्रवाई में लगभग 78 अतिक्रमण समेत कुल 117 अतिक्रमण हटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण, घाटों का निर्माण और अन्य योजनाएं प्रस्तावित हैं, जिन पर शीघ्र काम चालू होगा।
🗣️ इनका कहना है…
“सिंहस्थ की तैयारी को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त किया जा रहा है। हटाए गए अतिक्रमणकारियों की सूची का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है। वास्तविक एवं पात्र लोगों का विस्थापन होगा। आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा भी हमारे लिए सर्वोपरि है।” – ऋषव गुप्ता, कलेक्टर, खंडवा
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























