खंडवा। खंडवा की मिट्टी से निकले युवा पहलवान नीरज पटेल ने एशियन अंडर-23 ग्रीको-रोमन कुश्ती चैंपियनशिप के 55 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। मध्य प्रदेश केसरी पूर्व विधायक स्वर्गीय हुकुमचंद यादव एवं स्वर्गीय रघुनाथ पांजरे जैसे गुरुओं द्वारा दिए गए संस्कार और प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि आज खंडवा की पहलवानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रही है।
🤼♂️ तुर्कमेनिस्तान और कजाकिस्तान के पहलवानों को चटाई धूल
प्रतियोगिता के क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने तुर्कमेनिस्तान के रसूल जोरायेव को 9-0 से हराया। इसके बाद कजाकिस्तान के राहत बेकीमोव को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में किर्गिस्तान के नुरबोलोत बेर्दिकुलोव के खिलाफ उन्हें 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, कांस्य पदक मुकाबले में नीरज ने शानदार वापसी करते हुए कजाकिस्तान के राहत बेकीमोव को 8-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल पूरी शान से अपने नाम कर लिया।
🎉 शानदार उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने दी बधाई
इस गौरवशाली उपलब्धि पर प्रदेश कुश्ती संघ के सचिव मंगल यादव, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक कंचन मुकेश तनवे, जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, समाजसेवी सुनील जैन, रितेश गोयल, पहलवान और कुश्ती खिलाड़ियों के गुरु हीरालाल यादव, राजेंद्र पांजरे, ऋषि सोनकर, जगदीश पटेल, आसिफ खान एवं रोहित पटेल सहित शहर के तमाम खेल प्रेमियों ने नीरज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























