खंडवा। सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और संसाधनों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देकर देशहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कोरोना काल में भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अपील पर देशवासियों ने अनुशासन, आत्मसंयम और सेवा का परिचय दिया था, जिसके परिणामस्वरूप भारत ने दुनिया के मुकाबले बेहतर स्थिति में तेजी से वापसी की थी। वर्तमान वैश्विक परिस्थिति में भी उसी प्रकार की राष्ट्रीय एकजुटता और जिम्मेदारी की जरूरत है। यह बात खंडवा महापौर अमृता अमर यादव ने ‘ई-फोर व्हीलर’ (EV) से जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर के साथ भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में उपस्थित होने के बाद पत्रकारों से कही।
🇮🇳 ‘संकट की घड़ी में राष्ट्रहित सर्वोपरि, पीएम मोदी के नेतृत्व पर जताएं भरोसा’
महापौर ने कहा कि कांग्रेस और कुछ विपक्षी दलों द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार पर ध्यान देने के बजाय सभी देशवासियों को प्रधानमंत्री जी की अपील के अनुसार राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि देश की आर्थिक मजबूती और भविष्य को सुरक्षित रखने का है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का नेतृत्व देश को इस वैश्विक संकट से मजबूती के साथ बाहर निकालने में सक्षम है।
⚡ अब नियमित रूप से EV से चलेंगी महापौर, घर पर लगाए ‘सोलर पैनल’
प्रधानमंत्री की पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर की गई अपील का असर अब खंडवा में भी नजर आने लगा है। खंडवा की महापौर ने सार्वजनिक रूप से ईंधन बचत और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का संदेश दिया है। उन्होंने घोषणा की कि अब वे नियमित रूप से इलेक्ट्रिक वाहन से ही चलेंगी, जिससे डीजल और पेट्रोल की बचत होगी और पर्यावरण भी शुद्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि उनके घर पर सोलर पैनल भी लगाए गए हैं, जिससे ई-वाहन की चार्जिंग की व्यवस्था की गई है।
🗣️ विपक्ष पर साधा निशाना, बोलीं- ‘जनहित के मुद्दे पर भी राजनीति कर रही कांग्रेस’
महापौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत आज समय की जरूरत है और सभी लोगों को इसमें सहयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर भी राजनीति करने का प्रयास कर रहा है, जबकि यह सीधे तौर पर जनहित और देशहित से जुड़ा विषय है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























