खंडवा। आगामी दिनों में मनाए जाने वाले त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अपर कलेक्टर के.आर. बड़ोले, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान, सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र तारणेकर के अलावा शहर काजी सैयद निसार अली सहित शांति समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने नवागत पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
🤝 ‘आपसी सद्भाव से मनाएं त्यौहार, डीजे का हो कम प्रयोग’
बैठक में कलेक्टर ने सभी से अपील की कि त्यौहारों को परंपरागत तरीके से आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान जिले में शांति व्यवस्था स्थापित करना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने निर्देश दिए कि त्यौहारों पर निकलने वाले जुलूसों व चल समारोहों में डीजे साउंड सिस्टम का कम से कम प्रयोग किया जाए तथा इस दौरान सोशल मीडिया पर अफवाहों एवं विवादास्पद संदेशों को शेयर करने से बचा जाए।
💡 सड़कों की रिपेयरिंग और ‘स्लॉटर हाउस’ के कैमरे सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को ईदुज्जुहा एवं मोहर्रम पर्व के दौरान शहर की सड़कों की रिपेयरिंग, स्ट्रीट लाइट तथा जल प्रदाय व्यवस्था के संबंध में त्वरित निर्देश दिए। साथ ही, कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘स्लॉटर हाउस’ के सीसीटीवी कैमरों की तुरंत रिपेयरिंग कराई जाए ताकि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे।
📱 ‘सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई’
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने इस अवसर पर कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसा कोई भी मैसेज पोस्ट या शेयर न किया जाए, जिससे शहर का माहौल खराब हो। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शहर का माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और शांति समिति के सदस्य एक टीम की तरह हैं, और सभी को मिलकर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था स्थापित करना है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























