खंडवा। कुश्ती के क्षेत्र में मध्य प्रदेश केसरी रहे पूर्व विधायक स्वर्गीय हुकुमचंद यादव एवं स्वर्गीय रघुनाथ पांजरे के आशीर्वाद और मार्गदर्शन की प्रेरणा से खंडवा जिले की बेटी अनेरी ऋषि सोनकर ने एनआईएस (NIS) कोच कोर्स पूर्ण कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ अनेरी ऋषि सोनकर खंडवा जिले की पहली महिला एनआईएस कोच बन गई हैं। इस गौरवपूर्ण अवसर पर समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन और जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष मंगल यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए अनेरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे खंडवा जिले की पहलवानी परंपरा के लिए गर्व का विषय है।
🏟️ साई (SAI) सेंटर में स्थायी कोच की दरकार, प्रतिभाओं को मिलेगा लाभ
मंगल यादव ने बताया कि यदि खंडवा जिले के साई सेंटर में स्थायी कोच की व्यवस्था होती, तो जिले की प्रतिभाशाली बेटियों को इंटर्नशिप एवं उच्च प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। अनेरी ऋषि सोनकर जैसी प्रतिभाओं को अपनी इंटर्नशिप खंडवा में ही पूर्ण करने का अवसर मिलता। बिना शासकीय कोच के सैकड़ों कुश्ती बालक-बालिका पहलवान अपने हुनर के माध्यम से खंडवा का नाम प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। जिला कुश्ती संघ एवं खेल प्रेमियों का मानना है कि खंडवा में शीघ्र कोच की नियुक्ति होना अत्यंत आवश्यक है। एक योग्य कोच के आने से जिले की उभरती प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे खंडवा की पारंपरिक पहलवानी को नई पहचान और नई उड़ान प्राप्त होगी।
🌟 संघर्ष से मिली ऐतिहासिक सफलता, गणमान्य लोगों ने दी बधाई
आज खंडवा की धरती पर तैयार हो रही बेटियां यह साबित कर रही हैं कि मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के बल पर ग्रामीण अंचल से निकलकर भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है। अनेरी ऋषि सोनकर की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक कंचन मुकेश तनवे, महाराणा प्रताप व्यायामशाला के संरक्षक हीरालाल यादव, जिला कुश्ती संघ सचिव राजेंद्र पांजरे, रितेश गोयल, जगदीश पटेल, पन्ना यादव, विजय यादव, राजू यादव, रूपा यादव, भोला यादव, विजू यादव, सुंदर बरसे एवं खंडवा जिले के उस्ताद, खलीफा एवं पहलवानों ने अनेरी ऋषि सोनकर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























