खंडवा। मांधाता विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नरलाय वन भूमि में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। वन विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के चलते ग्राम नरलाय में 9.36 हेक्टेयर (करीब 23 एकड़) जमीन पर काबिज अतिक्रमणकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से हटा दिया गया। भीषण गर्मी के बीच चली इस कार्रवाई में डिप्टी कलेक्टर ममता चौहान, नायब तहसीलदार उदय मंडलोई और रेंजर शंकर सिंह चौहान के अलावा पटवारी, कोटवार व पुलिस विभाग के अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहे।
🌳 अतिक्रमण मुक्त भूमि पर होगी फेंसिंग और वृक्षारोपण
रेंजर शंकर सिंह चौहान ने बताया कि यह संयुक्त कार्रवाई दिनभर चली, जिसमें 9.36 हेक्टेयर भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है। करीब 3 किलोमीटर के दायरे में तार फेंसिंग भी की गई है, जिस पर अब आने वाले जुलाई माह में वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण का कार्य किया जाएगा।
⛰️ अद्वैत धाम के बदले वन विभाग को आवंटित हुई थी यह जमीन
उल्लेखनीय है कि ओंकार पर्वत पर आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापित है और वहां ‘अद्वैत धाम’ भी बन रहा है। वह जमीन वन विभाग की थी, जिसे शासन ने अधिग्रहित किया था। उसके बदले मध्य प्रदेश सरकार ने वनों को समृद्ध करने के लिए ग्राम नरलाय में यह 23 एकड़ जमीन वन विभाग को आवंटित की थी। इस भूमि पर 15 से 20 परिवारों ने अतिक्रमण कर रखा था, जिसे हटाने के लिए पिछले तीन दिनों से संयुक्त कार्रवाई चल रही थी। दो दिन पूर्व इस कार्रवाई के दौरान विवाद भी हुआ था, जो वर्तमान में वरिष्ठ अधिकारियों के आपसी तालमेल के बाद पूरी तरह शांत हो गया है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























