खंडवा। इमलीपुरा के रहवासी इलाके में मांस को उबालकर चर्बी बनाने और पशुओं के अवशेषों को संग्रहित करने वाले कारखाने पर आखिरकार हथौड़े चलना शुरू हो गए हैं। गुरुवार सुबह सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने यहां भवन को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान यहां सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मोघट थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलीपुरा इलाके में जिला प्रशासन और नगर निगम ने अवैध पशु चर्बी निर्माण से जुड़े मामले में बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। इस दौरान आरोपी अनवर कुरैशी के घर और अवैध रूप से संचालित कारखाने पर बुलडोजर और हथौड़े से तोड़फोड़ की गई। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में सख्त माहौल देखने को मिला। यह कार्रवाई उस घटना के छह दिन बाद की गई है जब खंडवा नगर निगम और प्रशासन को इमलीपुरा क्षेत्र में अवैध गोदाम से पशुओं की चर्बी, हड्डियां और खाल बरामद हुई थी। उस समय की गई शुरुआती कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने आरोपी के निर्माण स्थल और घर को भी निशाने पर लेते हुए सख्त कदम उठाया है। व्यापारी अनवर कुरैशी का लाइसेंस वर्ष 2023 में ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद पिछले लगभग तीन वर्षों से यहां अवैध रूप से पशु वध और चर्बी निर्माण का काम लगातार चल रहा था।
🚨 लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज, 4 निलंबित
इस मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए स्लॉटर हाउस प्रभारी और एआरआई (ARI) को निलंबित कर दिया है। साथ ही प्रभारी राजस्व निरीक्षक अमित अग्रवाल और स्वच्छता निरीक्षक जाकिर अहमद को भी निलंबित किया गया है। आरोप है कि इन अधिकारियों ने पशु वध क्षेत्र में हो रही अनियमितताओं की सही जानकारी उच्च स्तर पर नहीं दी और अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरती। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध पशु वध या निर्माण गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से यहां संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिन पर अब जाकर बड़ी कार्रवाई हुई है।
📄 दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर निगम ने की नियमानुसार कार्रवाई
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने इमलीपुरा स्थित अनवर कुरैशी द्वारा संचालित अवैध कारखाने पर नगर निगम द्वारा की जा रही तोड़फोड़ कार्रवाई के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की। महापौर ने जानकारी दी कि संबंधित संचालक को उक्त स्थल के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नगर निगम द्वारा तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, किन्तु दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की। महापौर ने बताया कि यह कार्रवाई संभावित रूप से कल तक जारी रहेगी तथा भविष्य में भी नगर निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
🔒 बिना नवीनीकरण वाले व्यापारिक प्रतिष्ठान होंगे सील
वर्तमान प्रकरण में नगर निगम द्वारा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को निलंबित किया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नगर क्षेत्र में जिन प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ है, उनके विरुद्ध सील बंद करने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की जाए। महापौर ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन एवं माननीय मुख्यमंत्री जी भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के प्रति सख्त रुख रखते हैं, और नगर निगम प्रशासन, शासन की मंशानुसार शहर में विधिसम्मत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
🗺️ शहर से बाहर शिफ्ट होगा स्लॉटर हाउस, बनेगी नई कार्ययोजना
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वर्तमान में संचालित एकमात्र स्लॉटर हाउस, जिसमें 28 चबूतरे संचालित थे, को फिलहाल बंद करवा दिया गया है। महापौर ने बताया कि आगामी बैठक में विस्तृत योजना तैयार की जाएगी, जिसके अंतर्गत स्लॉटर हाउस को शहर से बाहर व्यवस्थित एवं नियोजित ढंग से संचालित करने की दिशा में निर्णय लिया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रेस वार्ता के अंत में महापौर ने उपस्थित पत्रकार बंधुओं के माध्यम से शहरवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल नगर निगम को सूचित करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य विक्की बावरे, निगम प्रवक्ता सुनील जैन, उपायुक्त एस.आर. सिटोले एवं सहायक जनसंपर्क अधिकारी गौरव खरे उपस्थित रहे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























