खंडवा। मंगलवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मौसम में ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हैंडपंप और ट्यूबवेल जैसे पेयजल स्त्रोतों में खराबी की सूचना मिलते ही उसे तत्काल सुधरवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को समस्या न हो। बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, विधायक नारायण पटेल, विधायक श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान और जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
⛽ ईंधन बचाने के लिए ‘गूगल मीट’ और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करें बैठकें
प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुसार शासकीय वाहनों में ईंधन बचाने के लिए विशेष अभियान शुरू करें और डीजल-पेट्रोल की बचत के संबंध में कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने कहा कि ईंधन बचाने के लिए दूरस्थ क्षेत्र में स्थित अधिकारियों को जिला मुख्यालय पर बैठकों में बुलाने के स्थान पर वीडियो कॉन्फ्रेंस (Video Conference) या गूगल मीट के माध्यम से बैठकों में शामिल करें।
💧 ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ में देश-प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे खंडवा
जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करें। प्रभारी मंत्री ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की समीक्षा के दौरान कहा कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी खंडवा जिला जल संरक्षण के क्षेत्र में देश व प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे, यह प्रयास किया जाए। कलेक्टर ने इस अवसर पर बताया कि अभी तक की स्थिति में खंडवा जिला ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ और ‘जल संचय, जन भागीदारी’ अभियान में प्रथम स्थान पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष नगर निगम खंडवा द्वारा जल संरक्षण के क्षेत्र में अच्छा कार्य किया जा रहा है। अभी तक ‘जल संचय, जन भागीदारी’ अभियान में खंडवा नगर निगम टॉप-10 जिलों में चल रहा है और प्रयास किया जा रहा है कि इस माह में टॉप-3 नगरीय निकायों में खंडवा नगर निगम अपना स्थान सुरक्षित रख ले। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने स्वच्छता सर्वेक्षण तथा स्वच्छता अभियान की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
🌱 किसानों को मिले प्रमाणित बीज, अमानक बिक्री पर लगे रोक
प्रभारी मंत्री ने बैठक में बीज प्रमाणीकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रमाणित बीज ही किसानों को उपलब्ध कराया जाए। अमानक बीज बाजार में न बिके, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किन किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया गया है, उसकी सूची विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर ने बीज प्रमाणीकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि वे मुख्यालय पर ही रहें और जिला प्रशासन की बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित रहें।
🌾 उपार्जन केंद्रों पर किसानों को न हो असुविधा, खुले में न रखा जाए गेहूं
प्रभारी मंत्री ने बैठक में गेहूं व चना उपार्जन की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में गेहूं उपार्जन के लिए कुल 67 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं को किसी भी स्थिति में खुले में न रखा जाए, बल्कि गोदाम में तत्काल शिफ्ट कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अचानक वर्षा होने की स्थिति में गेहूं खराब न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को कोई असुविधा न हो, यह पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























