खंडवा। खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने प्रधानमंत्री के अनुरोध पर डीजल-पेट्रोल की बचत एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए साइकिल के माध्यम से दादाजी धाम एवं पार्टी की बैठक में भाग लिया। उन्होंने संकल्प लिया कि सप्ताह में एक दिन सभी कार्यक्रमों में वे साइकिल के माध्यम से पहुंचेंगी। बुधवार को पूरे शहर में विधायक के साइकिल से चलने पर एक अच्छे संदेश के साथ चर्चा बनी रही।
🌍 ‘वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच पीएम मोदी का नेतृत्व है निर्णायक’
आज पूरी दुनिया ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण गहरे आर्थिक और ऊर्जा संकट से जूझ रही है। इस युद्ध ने वैश्विक सप्लाई चेन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है, जिसके चलते पेट्रोलियम उत्पाद, गैस, उर्वरक, खाद्य तेल, गोल्ड सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में व्यापक वृद्धि हुई है। दुनिया के अधिकांश देश इस संकट की मार झेल रहे हैं और उनके विदेशी मुद्रा भंडार पर भी भारी दबाव बना हुआ है। ऐसी कठिन वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने इस संकट के प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित रखा है तथा देशवासियों को आर्थिक झटके से बचाने का प्रभावी प्रयास किया है।
🇮🇳 ‘संकट की घड़ी में प्रधानमंत्री के संदेश का पालन ही सच्ची देशभक्ति’
साइकिल यात्रा को लेकर विधायक कंचन तनवे ने नगर एवं जिलेवासियों से अनुरोध करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में हमें प्रधानमंत्री के द्वारा दिए गए संदेश का पालन करना है, यही सच्ची देशभक्ति है। विधायक ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि सभी कार्यकर्ता एवं प्रदेशवासी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अपील के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आत्मसंयम एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की भावना को अपनाएं। मैंने भी आज साइकिल चलाकर पर्यावरण की रक्षा का संदेश आमजन को दिया है।
🗣️ ‘अच्छे कार्यों का विरोध करना कांग्रेस की प्रवृत्ति’, भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
विधायक ने कहा कि कांग्रेस कभी देश की नहीं सोचती, अच्छे कार्य में भी विरोध करना उनकी प्रवृत्ति बन चुकी है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, हरीश कोटवाले, राजेंद्र सिंह, प्रवक्ता सुनील जैन, भारत पटेल, धर्मेंद्र सिंह, यशदीप चौरे और दुर्गेश शर्मा ने विधायक के कार्य की सराहना करते हुए उनका आत्मीय स्वागत किया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























