खंडवा। भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने गांधी भवन में एक जोरदार पोस्टकार्ड अभियान चलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर सीधे जवाब मांगा।
कांग्रेस नेताओं ने चिंता व्यक्त की है कि यह समझौता किसानों, छोटे व्यापारियों, वस्त्र उद्योग और देश की डिजिटल संप्रभुता के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि अभियान के तहत कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में पोस्टकार्ड लिखकर इस समझौते को वापस लेने की मांग की।
किसानों और स्थानीय उद्योगों पर प्रभाव की चिंता
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि सस्ते आयात के कारण किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम नहीं मिल पाएंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इसके अतिरिक्त, टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर विदेशी प्रतिस्पर्धा का दबाव बढ़ने से लाखों परिवारों की आजीविका पर संकट आ सकता है। डिजिटल डेटा और राष्ट्रीय संप्रभुता के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है।

‘सरेंडर क्यों किया? जवाब दो, हिसाब दो’
नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या जल्दबाजी थी कि देश के कृषि और स्थानीय उद्योगों के हितों को नजरअंदाज कर यह करार किया गया। प्रतिभा रघुवंशी ने कहा, “यदि यह समझौता देशहित में है तो प्रधानमंत्री खुलकर जनता को इसका लाभ बताएं। लेकिन यदि इसमें किसानों, युवाओं, महिलाओं और छोटे व्यापारियों के हितों की अनदेखी हुई है, तो देश जवाब मांगता है कि ‘सरेंडर क्यों किया? जवाब दो, हिसाब दो!'” कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी है कि यह अभियान केवल एक जनजागरण की शुरुआत है और आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा।
अभियान में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी के साथ महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष हेमलता पालीवाल, सुनीता सकरगाए, पार्षद अन्विता ओझा, सुनीता रायकवार, कामिनी मंडलोई, मीनू मंडलोई, मीरा सोनी, ज्योति आर्य, ललिता आर्य, कंचन दशोरे, सरोज बघेल, मंजुला पाराशर, पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन, विशाल जैन, शहजाद पवार, इमरान गौरी, सुरेश गुरबानी, वकील नीलकंठ, असलम गौरी, शोयब शाह, वामनराव जाधव, योगेश जांगिड़ और सुनील पासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।



खंडवा









Share















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































