खंडवा। इंदौर-आदिलाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बार फिर तेज रफ्तार और तकनीकी खराबी बड़ा हादसा बन गई। पंधाना थाना क्षेत्र की बोरगांव चौकी अंतर्गत निजी होटल के सामने ब्रेक फेल होने से एक ट्रक अनियंत्रित होकर सामने खड़े टैंकर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर व क्लीनर केबिन में बुरी तरह फंस गए। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में नासिर खान और राशिद खान घायल हुए हैं।
🚑 पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, घायलों को भेजा अस्पताल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बोरगांव चौकी प्रभारी अविनाश भोपले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे ड्राइवर और क्लीनर को बाहर निकाला। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू के दौरान ट्रक का दरवाजा और मुड़ा हुआ हिस्सा हटाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद डायल-100 वाहन से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंधाना भेजा गया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























