खंडवा। सिन्धी साहित्य अकादमी मध्य प्रदेश एवं संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा सिन्धी पाठक मंच खंडवा एवं भारतीय सिन्धू सभा खंडवा के सहयोग से संचालित ‘सिन्धीयत जी पाठशाला’ शिविर का भव्य समापन समारोह विगत रात्रि सिंधी कॉलोनी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में संपन्न हुआ। आयोजन की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा श्री झूलेलाल भगवान के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके उपरांत पाठशाला में भाग लेने वाले प्रतिभागियों द्वारा सिंधी भाषा एवं संस्कृति पर आधारित नृत्य, गायन एवं नाट्य की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं।
🏆 प्रतिभागियों को बांटे गए प्रमाण पत्र और पुरस्कार
प्रस्तुतियों के उपरांत पाठशाला में सम्मिलित हुए सभी प्रतिभागियों को सिन्धी साहित्य अकादमी द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही पाठशाला के अंतिम दिन आयोजित की गई सिन्धीयत जी परीक्षा के लिखित वर्ग में क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों—अंकित वाधवानी, ओम वाधवानी एवं नेहल छतवानी ने पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं, मौखिक परीक्षा में गौरव उदासी, चेतना संतवानी एवं तीशा रोहड़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किया। इस गरिमामय अवसर पर बालकधाम के महंत बाबा माधवदास उदासी एवं समाज के पुरोहित पंडित गोपाल भारद्वाज जी की विशेष उपस्थिति रही।
🙏 अतिथियों का सम्मान और विभिन्न संस्थाओं की रही मौजूदगी
सिन्धी पाठक मंच के संयोजक एवं भाषा प्रशिक्षक मनीष कुमार मलानी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित हुए अतिथियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पाठशाला में सहयोगी शिक्षिका रानी खेमानी एवं मनीषा संतवानी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन भारतीय सिन्धू सभा के जिला महामंत्री महेश चंदवानी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री पूज्य सिन्धी पंचायत, सिन्धी सेवा मंडली, श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल, श्री झूलेलाल समर्थ पैनल, श्री हनुमानगढ़ अखाड़ा और वॉकिंग वारियर्स ग्रुप के पदाधिकारी एवं सदस्यगण सम्मिलित हुए। अंत में समाज के प्रवक्ता एवं समाजसेवी कमल नागपाल ने कार्यक्रम में उपस्थित हुए सभी समाजजनों एवं संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























