खंडवा। महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में नगर निगम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर विकास, अधोसंरचना, जल प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में निर्देश दिए गए कि स्टेडियम क्षेत्र की वर्तमान दुकानों एवं पुरानी दुकानों की कीमतों का तुलनात्मक अध्ययन किया जाए तथा उसी आधार पर लागत एवं दरों पर पुनर्विचार किया जाए।
💧 कृत्रिम कुंडों का निर्माण और ट्रांसपोर्ट नगर विस्थापन पर जोर
महापौर ने निर्देशित किया कि कृत्रिम कुंडों के निर्माण हेतु गहरीकरण, कंक्रीट बेस, दीवार निर्माण आदि कार्य इसी सप्ताह प्रारंभ किए जाएं, ताकि वर्षा पूर्व कार्य पूर्ण हो सकें। साथ ही जलीय संरचनाओं के संरक्षण के अंतर्गत झीलोधन सरोवर में की गई स्टोन पिचिंग को और अधिक मजबूत करने हेतु आवश्यक उपाय किए जाने तथा पीछे की ओर चौपाटी विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में 16 खोली क्षेत्र की दुकानों को नोटिस जारी करने तथा वहां नवीन कॉम्प्लेक्स निर्माण की कार्ययोजना पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को ट्रांसपोर्ट नगर में विस्थापित करने पर भी चर्चा की गई।
🚰 वाटर मॉनिटरिंग और ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों की तैयारी
कायाकल्प योजना अंतर्गत अधूरे कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पूर्व में 16.20 करोड़ रुपए का अनुमान शासन को भेजा गया था, किन्तु 15 करोड़ रुपए ही स्वीकृत होने एवं कुछ सड़कों पर अनुमान से अधिक व्यय होने के कारण कुछ कार्य अधूरे रह गए हैं। महापौर द्वारा शेष कार्यों को पूर्ण करने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। गर्मी को देखते हुए शहरभर की प्याऊ की नियमित सफाई कराने एवं पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। बैठक में पानी से जुड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की वाटर मॉनिटरिंग किए जाने पर चर्चा की गई। विशेष रूप से अत्यधिक जल उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों जैसे वॉशिंग सेंटर आदि में वाटर मीटर लगाकर निगरानी करने एवं उपयोग के अनुसार जलकर निर्धारित करने के विषय पर विचार किया गया। महापौर ने शहर में ई-व्हीकल को बढ़ावा देने हेतु चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
🚧 अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम, बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों, मुख्य मार्गों एवं संकरी गलियों जैसे पंधाना रोड, टपड़िया गार्डन के सामने, बुधवार बाजार, इमलीपुरा आदि क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर एक सप्ताह में प्रस्तुत करने तथा उसके एक सप्ताह पश्चात व्यापक स्तर पर हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में महापौर के अतिरिक्त अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य राजेश यादव, अनिल वर्मा, विक्की भांवरे एवं दीना पवार सहित आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत, उपायुक्त एस.आर. सितोले एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























