खंडवा। एसएन कॉलेज के प्राचार्य सोमपाल सिंह ने बताया कि महाविद्यालयों में ई-प्रवेश 2026-27 के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन को स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर राज्य स्तरीय एकीकृत परीक्षा आयोजित करने का दायित्व सौंपा गया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा चलित साक्षात्कार (वॉक-इन इंटरव्यू) आयोजित करने की जिम्मेदारी सभी अग्रणी महाविद्यालयों को सौंपी गई है।
🔄 संकाय बदलने के लिए जरूरी होगा ‘पात्रता प्रमाण पत्र’
प्राचार्य ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP) के अंतर्गत यदि कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी अपने मूल संकाय या विषय के अतिरिक्त किसी अन्य संकाय में प्रवेश लेना चाहता है (जैसे- विज्ञान का विद्यार्थी कला या वाणिज्य में, कला का विद्यार्थी वाणिज्य या विज्ञान में, और वाणिज्य का विद्यार्थी कला या विज्ञान संकाय में), तो उसके लिए नियम तय किए गए हैं। इसी प्रकार, यदि स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी अपने मेजर और माइनर विषय या संकाय के अतिरिक्त अन्य विषय या संकाय से स्नातकोत्तर (PG) प्रथम वर्ष में प्रवेश लेना चाहता है, तो ऐसे इच्छुक विद्यार्थियों को ‘पात्रता प्रमाण पत्र’ प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
🗓️ 14 मई तक होंगे वॉक-इन इंटरव्यू, उसी दिन मिलेगा सर्टिफिकेट
उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल से 14 मई के बीच प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) में पात्रता हेतु चलित साक्षात्कार (वॉक-इन इंटरव्यू) आयोजित किए जाएंगे, जिसमें इच्छुक विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। अन्य राज्यों के विद्यार्थी भी अपने निवास के नजदीकी किसी भी अग्रणी महाविद्यालय में चलित साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं। अग्रणी महाविद्यालय द्वारा उसी दिन पात्रता प्रमाण पत्र की तीन प्रतियां बनाकर एक प्रति संबंधित छात्र को तुरंत जारी कर दी जाएगी।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























