खंडवा। कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने सभी एसडीएम एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत संचालित कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें। उन्होंने यह निर्देश सोमवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में कलेक्टर ने नवागत सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर के.आर. बडोले, पुनासा के एसडीएम पंकज वर्मा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी मौजूद थे।
🏥 अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण और पौधरोपण के निर्देश
कलेक्टर ने बैठक में अपर कलेक्टर श्री बडोले को जिला अस्पताल के सभी वार्डों का आज ही निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वार्डों के निरीक्षण में यह अवश्य देखें कि ग्रीष्म ऋतु के इस मौसम में वार्डों में कूलर चल रहे हैं या नहीं, और उनमें पानी नियमित रूप से डाला जा रहा है या नहीं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए वर्षा ऋतु में पौधरोपण की तैयारी करें।
🚰 जल स्रोतों के आसपास बनें भूजल पुनर्भरण संरचनाएं
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और वहां की व्यवस्थाएं देखें। उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को गांव में पंचायत सचिवों के माध्यम से नालियों की साफ-सफाई नियमित रूप से करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल स्रोतों के आसपास भूजल पुनर्भरण संरचनाएं अवश्य बनवाएं, ताकि वर्षा का पानी संबंधित हैंडपंप या ट्यूबवेल को रिचार्ज करता रहे और उनका जलस्तर न गिरे। इसके अलावा, सभी सरकारी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के पेयजल स्रोतों के पानी की टेस्टिंग करने के निर्देश भी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दिए गए।
👶 पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में कोई पलंग खाली न रहे
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी पोषण पुनर्वास केंद्रों (NRC) में जितने पलंग की क्षमता है, उसी अनुसार कुपोषित बच्चों को नियमित रूप से भर्ती करवाएं और सुनिश्चित करें कि कोई भी पलंग खाली न रहे। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत को निर्देश दिए कि रक्तदान शिविरों के आयोजन से पूर्व उनके स्थान एवं तिथि का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाएं। इसके साथ ही, कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिए कि ‘संबल योजना’ के तहत जिन मजदूरों ने पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, उनका पात्रता के आधार पर त्वरित निराकरण करें। कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























