खंडवा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि खंडवा शहर में स्थित गांधी भवन (जिसे वाहन पार्किंग हेतु दिया गया है) में पार्किंग ठेकेदार द्वारा नागरिकों के साथ आए दिन अभद्र व्यवहार और मारपीट तक की जा रही है।
⚖️ अधिवक्ता के साथ मारपीट, कोतवाली में FIR दर्ज
इसी क्रम में 26 अप्रैल को खंडवा शहर के एक अधिवक्ता के साथ ठेका संचालक द्वारा मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें पहुंचीं। इस घटना के संबंध में थाना सिटी कोतवाली, खंडवा में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज की गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने वालों में आक्रोश एवं भय का वातावरण निर्मित हो रहा है और इस आचरण से स्थानीय स्तर पर पार्टी की छवि भी धूमिल हो रही है।
🚫 कांग्रेस कमेटी का सख्त एक्शन: 1 मई से पार्किंग पूरी तरह बंद
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने गांधी भवन में पार्किंग का कार्य देखने वाले ठेकेदार को निर्देश दिया है कि वह तत्काल प्रभाव से आज ही पार्किंग बंद कर परिसर को खाली करे। 1 मई से इस परिसर में वाहन पार्किंग का कार्य नहीं किया जाएगा।
🚗 वाहन मालिकों से तत्काल गाड़ियां हटाने की अपील
इस निर्णय के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने गांधी भवन में लगे वाहनों के मालिकों से भी निवेदन किया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी गाड़ियां गांधी भवन परिसर से हटा लें, ताकि व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जा सके।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























