खंडवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 अप्रैल को बनारस-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रथम बार खंडवा स्टेशन पर पहुंची इस एक्सप्रेस ट्रेन का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि यह ट्रेन बुधवार दोपहर 1 बजे खंडवा पहुंची, जिसका कैबिनेट मंत्री विजय शाह, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक छाया मोरे, नारायण पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े ने स्वागत किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा ट्रेन के ड्राइवर व स्टाफ का मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया।
🎉 सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति और सांसद का आभार
ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के पूर्व स्टेशन पर स्वागत हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसमें स्कूली बच्चों द्वारा देश प्रेम पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य और गायन कर यात्रियों का मन मोह लिया गया। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल का आभार व्यक्त किया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने इस मौके पर मोबाइल के माध्यम से संबोधित कर शहरवासियों को इस एक्सप्रेस ट्रेन की बधाई दी। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि ट्रेन संख्या 02531 (बनारस-पुणे उद्घाटन ट्रेन) के खंडवा आगमन पर भुसावल मंडल द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सांसद के लगातार प्रयासों और रेल मंत्री के सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण ही खंडवा स्टेशन पर इस ट्रेन का स्टॉपेज संभव हो सका है।
🗣️ ‘आधुनिक भारत की ओर बढ़ते कदम’: मंत्री विजय शाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम ‘सबका साथ, सबका विकास, सबके विश्वास’ के मंत्र के साथ आधुनिक भारत की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकाल से तुलना करते हुए रेलवे में हुए अभूतपूर्व विकास और नई ट्रेनों की सौगात के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद दिया। श्री शाह ने बताया कि यह एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की एक नई आधुनिक किफायती ‘पुश-पुल’ (Push-Pull) तकनीक वाली ट्रेन है, जो आम यात्रियों को कम किराए में लंबी दूरी की आरामदायक यात्रा प्रदान करेगी। इसमें वंदे भारत जैसी सुविधाएं, सुंदर कोच और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट आदि उपलब्ध हैं जो प्रमुख शहरों को जोड़ती है।
👥 कार्यक्रम में मौजूद रहे ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी
महापौर और विधायकों ने भी अपने संबोधन में इस उपलब्धि के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार माना। आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, महापौर अमृता यादव, जेडआरयूसीसी (ZRUCC) सदस्य मनोज सोनी, सुनील जैन, सुभाष कोठारी, हरीश कोटवाले, सेवादास पटेल, धर्मेंद्र बजाज, संतोष सोनी, चारुलता यादव, इंदु दुबे, चंद्रेश पचौरी, राजेश यादव, अनिल वर्मा, विक्की भांवरे, गणेश गुरबाणी, सुधांशु जैन, भारत पटेल, मंगलेश तोमर, अनिल भगत और दिलीप दशोरे उपस्थित रहे। साथ ही रेल विभाग से सीनियर डीएफएम अर्पित गुडाडे, सीनियर डीईएन डी.एस. द्विवेदी, एडीईएन हरिओम मीणा, आरपीएफ टीआई संजीव कुमार, स्टेशन मैनेजर जी.एल. मीणा, अरविंद साहा, बी.जी. वर्मा, निलेश बाथो और आर.पी. राम मौजूद थे। मंच संचालन पुष्पेंद्र तापड़े द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ यात्रीगण भी उपस्थित हुए।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























