खंडवा। बीती रात जिले में तेज हवा-आंधी के साथ हुई बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है। संसदीय क्षेत्र की विभिन्न विधानसभाओं में भी आई तेज हवा, आंधी एवं ओलावृष्टि के कारण किसान भाइयों को भारी क्षति पहुंची है। इस प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र की फसलें प्रभावित होकर नष्ट हुई हैं।
चुने हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधि का दायित्व होता है कि अपने क्षेत्र के विकास के साथ क्षेत्र की जनता की समस्याओं का निराकरण करते हुए उनके सुख-दुख में शामिल हों। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील द्वारा जहां पूरे संसदीय क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, वहीं केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जारी जनहितकारी योजनाओं का लाभ भी जन-जन को प्राप्त हो, यह प्रयास करते हुए वे लोगों की समस्या सुनकर उसका निराकरण करते हैं।
संसदीय क्षेत्र की विभिन्न विधानसभाओं में विगत रात्रि आई तेज हवा, आंधी एवं ओलावृष्टि के कारण किसान भाइयों को भारी क्षति पहुंची है। इस समय लोकसभा सत्र के कारण खंडवा सांसद दिल्ली प्रवास पर हैं। बुधवार सुबह उठते ही सांसद ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन के माध्यम से निरंतर संवाद कर उन्हें प्रभावित किसानों के खेतों में पहुंचकर तत्काल सर्वे एवं आकलन करने के निर्देश दिए।
सांसद ने तीनों जिले के बड़े अधिकारियों से चर्चा कर नष्ट हुई फसलों का आकलन करवाने को कहा है। दुख की इस घड़ी में किसानों को ढांढस बंधाते हुए सांसद ने कहा कि— “किसी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। आपका बेटा आपके साथ मजबूती से खड़ा है। अन्नदाता किसानों के प्रति प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ है।” सांसद ने यह भी कहा कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करेंगे।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा




























