खंडवा (चारखेड़ा): अगर आप इस गर्मी में कहीं ऐसी जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, जहां सुकून, हरियाली और प्रकृति की खूबसूरती एक साथ मिले, तो मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के चारखेड़ा गांव में स्थित चारखेड़ा तितली पार्क आपके लिए एकदम परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां पहुंचते ही आपको ऐसा महसूस होगा जैसे आप किसी हिल स्टेशन पर आ गए हों। सुबह की शुरुआत तितलियों की फड़फड़ाहट से होती है और चारों तरफ हरियाली फैली रहती है। नर्मदा के बैकवॉटर से आती ठंडी हवाएं मन को सुकून देती हैं। शहर की भागदौड़ से दूर यह जगह आपको प्रकृति के बिल्कुल करीब ले जाती है, जहां हर पल शांति का एहसास होता है।
🦋 20 से अधिक प्रजातियों की तितलियां और टेंट सिटी
चारखेड़ा तितली पार्क को खासतौर पर तितलियों की 20 से ज्यादा प्रजातियों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां के फूल-पौधे और खुले वातावरण को इस तरह तैयार किया गया है कि रंग-बिरंगी तितलियां बिना डर के आपके आसपास उड़ती रहती हैं। बच्चे हों या बड़े, हर कोई यहां इन खूबसूरत नजारों के साथ फोटो खिंचवाकर यादगार पल अपने साथ ले जाता है। इस पार्क की एक और खासियत यहां की ‘टेंट सिटी’ और हट्स हैं, जो जंगल के बीचों-बीच बनाए गए हैं। यहां ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। असली मजा प्रकृति के बीच रहने का है; हर सांस के साथ शुद्ध हवा और शांत माहौल आपको एक अलग ही अनुभव देता है।
🛶 फैमिली ट्रिप के लिए परफेक्ट: एडवेंचर और बोटिंग का मजा
यहां आने वाले पर्यटक नर्मदा नदी बैकवॉटर में बोटिंग का आनंद भी ले सकते हैं। बोटिंग करते हुए आप आसपास के टापुओं तक पहुंच सकते हैं और वहां बैठकर सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं, जो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता। खंडवा वन विभाग के अनुसार, यहां जल, थल और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलाकर 10 से ज्यादा एडवेंचर एक्टिविटीज तैयार की गई हैं। साथ ही, जल्द ही यहां पारंपरिक मालवी और निमाड़ी व्यंजनों की सुविधा भी शुरू होने वाली है, जिससे पर्यटकों को स्थानीय स्वाद का भी अनुभव मिलेगा।
🌍 पर्यटकों की पहली पसंद बन रहा चारखेड़ा पार्क
यह जगह अब धीरे-धीरे पर्यटकों की पहली पसंद बनती जा रही है। खंडवा ही नहीं, बल्कि इंदौर, भोपाल, बुरहानपुर, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं और सोशल मीडिया पर इस जगह की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कम खर्च में शानदार अनुभव, प्रकृति के बीच सुकून, तितलियों की दुनिया और एडवेंचर का मजा—ये सब कुछ एक ही जगह पर मिलता है।
यह खबर आपको कैसी लगी?


खंडवा



























